अवैध हीरा खदान लगाने वालों को पकडऩे गई वन अमले की टीम पर हमला, एक वनकर्मी गंभीर घायल
-आरोपियों के साथी आरोपियों को छुड़ा कर साथ ले गए

पन्ना. मप्र में अवैध खनन करने वालों के बुलंद हौसलों की बानगी एक बार फिर दिखाई दी। पन्ना में अवैध हीरा खदान लगाने वालों ने रविवार को वन अमले पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला कर दिया। एक वनकर्मी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। विश्रामगंज रेंजर नितेंद्र रजौरिया के मुताबिक रविवार सुबह सरकोहा बीट के कक्ष क्रमांक 145 में अवैध हीरा खदान संचालित होने की सूचना मिली थी। गश्ती दल को कार्रवाई के लिए भेजा गया। दल में शामिल बीट गार्ड अर्पित चौरसिया, आदेश चौधरी सहित अन्य वनकर्मी सुबह 9.45 बजे मौके पर पहुंचे और चार लोगों को पकड़ा। खुद को छुड़ाने के लिए आरोपियों ने वन अमले पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला कर दिया। इससे बीट गार्ड अर्पित चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर जब तक वनकर्मी अर्पित को संभालते, तब तक आरोपियों के अन्य साथी आ गए और चारों को छुड़ाकर ले गए। वन अमले पर हमला करने वाले आरोपी एलम सिंह यादव, जगदीश सिंह यादव, राजेंद्र सिंह यादव एवं एक अन्य है। आरोपियों पर पहले से ही अपराध दर्ज हैं। ये कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!



